Print this page

25 दिन तक रोज श्रमदान से चमक उठा मैदान, सांसद ने नजरभर देखा... खिलाड़ियों से भी मिले Featured

18 दिसंबर गुरू घासीदास जयंती पर हुई थी शुरुआत, 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद जयंती पर संकल्प लेंगे खैरागढ़ के युवा।

खैरागढ़. ऐतिहासिक फतेह सिंह मैदान नगर वासियों के लिए सजकर तैयार है। अब स्टेडियम की रंगों से भरी दीवारें खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा रही हैं। इन्हीं दीवारों पर बने चित्र स्वस्थ जीवन की ओर आकर्षित कर रहे हैं। रेलिंग पर लगे डस्टबिन खैरागढ़ को साफ-सुथरा रखने की प्रेरणा दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें: अबूझमाड़ी बच्चों के हैरतअंगेज करतब देख गदगद हुए सीएम, बच्ची की मांग पर दी बेहतर डाइट की व्यवस्था… देखिए वीडियो

मैदान का माहोल बदल चुका है। शाम ढलते ही रोशनी से नहाया हुआ रंग-बिरंगा स्टेडियम लोगों को आकर्षित कर रहा है। सैर-सपाटे के लिए अब महिलाएं भी मैदान तक पहुंच रही हैं। यह उद्देश्यपूर्ण काम कर दिखाया है निर्मल त्रिवेणी महाभियान की टीम ने।

टीम ने स्टेडियम को सजाने की शुरुआत की 18 दिसंबर को। उस दिन गुरू घासीदास जयंती थी। तब संकल्प लिया था कि स्टेडियम का कोना-कोना रंगों से भर देंगे। ऐसा ही हुआ भी। टीम के सदस्यों ने रोज सुबह दो से ढाई घंटे नियमित श्रमदान किया।

इस काम में तन-मन और धन भी लगाया। तकरीबन 15 से 20 लोगों ने रोज मेहनत की, तब जाकर 25 दिन में यह काम पूरा हो सका। अभियान से जुड़े उत्तम दसरिया ने बताया कि पूरे रंग-रोगन में लगभग 125 लीटर रंगों का प्रयोग हुआ है। अब 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद जयंती पर इसी स्टेडियम में सुबह साढ़े 8 बजे एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसका नाम है, सशक्त खैरागढ़ के लिए युवा। यहां मौजूद लोग भ्रष्टाचार मुक्त और नशा मुक्त के साथ राेजगार युक्त खैरागढ़ के निर्माण का संकल्प लेंगे।

खैरागढ़ का गौरव है ऐतिहासिक फतेह मैदान

यह मैदान राजा लाल फतेह सिंह के नाम से है। विधायक देवव्रत सिंह के मुताबिक 1920-21 में पहली बार यहां क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत हुई थी। 1925-26 के आसपास लाला अमरनाथ भी यहां आए थे। इसके बाद 1930 के आसपास यहीं पर भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा हुई थी। इस दौरान सीके नायडू और वीएस नायडू जैसे खिलाड़ियों ने इसी मैदान में क्रिकेट खेला है।

स्टेडियम देख गदगद हुए सांसद संतोष पांडेय

शनिवार को विधानसभा स्तरीय बैठक के बाद सांसद संतोष पांडेय भी फतेह मैदान पहुंचे। पहले तो बीच मैदान में खड़े हाकर स्टेडियम को नजरभर देखा, फिर निर्मल त्रिवेणी महाभियान के कार्याें को सराहा। वहां फुटबॉल खेल रहे बच्चों से भी मिले। इस दौरान वहां मौजूद निर्मल त्रिवेणी महाभियान के संयोजक भागवत शरण सिंह ने उन्हें अन्य गतिविधियों की जानकारी भी दी।

यह भी पढ़ें: अबूझमाड़ी बच्चों के हैरतअंगेज करतब देख गदगद हुए सीएम, बच्ची की मांग पर दी बेहतर डाइट की व्यवस्था… देखिए वीडियो

Rate this item
(0 votes)
रागनीति डेस्क-2

Latest from रागनीति डेस्क-2