प्रत्येक शनिवार को सभी स्कूलों में बैग लेस डे मनाया जाता है, इसके तहत सभी छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाती है। इसी कड़ी में छुईखदान ब्लॉक के श्री पन्नालाल जंघेल की अगवाई में शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला अचानकपुर के द्वारा जिला स्तर पर नव गठित जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें जिला भर से लगभग 50 स्कूलों के दो हजार से अधिक छात्र-छत्राओं ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में नव गठित जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के इतिहास, भूगोल, राजनीति, प्रमुख नदियों, पर्यटन, एवं शिक्षा और साहित्य आदि से प्रश्न पूछे गए। जिसमें जिले के कलेक्टर के नाम से लेकर इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, बैताल रानी घाटी, मंढीपखोल गुफा, नर्मदा का मेला, आमनेर-मुस्का-पिपरिया के संगम, मैकल श्रेणी, डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी जी के ऊपर प्रश्न पूछे गए। साथ ही चंपाटोला जंगल सत्याग्रह, घटियारी के शिव मंदिर, कोड़का के प्राचीन महामाया मंदिर, कोड़ेगाँव के खंडेश्वर महादेव मंदिर आदि जिले के महत्वपूर्ण विषयों पर कुल 30 प्रश्न पूछे गए।

इस प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर पर छुईखदान ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला गाड़ाडीह की वंदना 24 अंको के साथ प्रथम रही। माध्यमिक स्तर पर खैरागढ़ ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बाजार अतरिया की डिंपल वर्मा एवं छुईखदान ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला संडी की सेवती सिन्हा दोनों 29-29 अंको के साथ प्रथम रहीं। इसी प्रकार स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल छुईखदान की सानिया शेख 30 अंको के साथ पूरे जिले में प्रथम रही।
इस प्रतियोगिता का प्रश्न पत्र एवं विस्तृत जानकारी www.chetramverma.in पर देखा जा सकता है।
