खैरागढ़. नगर पालिका खैरागढ़ में अधोसंरचना मद से 2.98 करोड़ के विभिन्न निर्माण कार्यो की स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान की गई है। जिसमें कांग्रेसियों द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्रकार, सीएमओ प्रमोद शुक्ला व भाजपा सरकार पर भेद भाव का आरोप लगाया है। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन के नेतृत्व में नगर पालिका के कांग्रेसी पार्षद द्वारा जिला कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा व अपर कलेक्टर से मिलकर सीएमओ प्रमोद शुक्ला पर कार्यवाही करने और कांग्रेसी पार्षदो के वार्ड में काम देने की मांग की। इस दौरान मनराखन देवांगन ने कलेक्टर को बताया की शहर के कांग्रेसी पार्षद के वार्ड नंबर 15 अमलीडीह खुर्द एवं वार्ड क्रमांक 20 खम्हरिया जो कि अनुसूचित जाति बाहुल्य के साथ ही ग्रामीण वार्ड हैं जहां एक रुपए का भी काम स्वीकृत नहीं किया गया है। जबकि भाजपा पार्षद के वार्डो में लाखो का काम दिया गया है। जिसमें भेदभाव दिखाई दे रहा है।

पिछले वर्ष भी हुआ था भेद भाव
कांग्रेसियो ने बताया की बीते वर्ष कांग्रेसी पार्षद दीपक देवांगन के वार्ड इतवारी बाजार के साथ भेदभाव किया गया था। इस वर्ष भी वही काम दोबारा दोहराया गया है। बीते दिन सामान्य सभा की बैठक में इस मुद्दे को लेकर वार्ड पार्षद ने बात उठाया था। भाजपा पार्षद विनय देवांगन द्वारा सभा मे ही इस बात को की सहमति दी गई थी कि हमारी जिम्मेदारी है काम सबको मिलेगा किसी के साथ भेदभाव नही किया जाएगा। लेकिन आज फिर उल्टा हो गया जरूरत मंद वार्ड में काम नही दिया गया है। कई वार्डो में एक रुपये का भी काम नही दिया गया है। जिससे वार्डो वासियो में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस दौरान नपा. उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, शत्रुहन घृतलहरें, दिलीप लहरे, दयाराम पटेल सहित कांगे्रस के लोग मौजूद थे।

चेहरा देखकर नपा अध्यक्ष व सीएमओ काम कर रहा है जिसे लेकर गुरूवार को कांग्रेसी पार्षद के वार्ड में काम स्वीकृति प्रदान करने व सीएमओ प्रमोद शुक्ला पर कार्य वाही करने मांग की गई जिसके बाद कलेक्टर ने तत्काल फोन लगाकर सीएमओ को फटकार लगाई और कांग्रेस पार्षदों के वार्ड में राशि स्वीकृत करने कहा गया। अगर सीएमओ बोल रहा है की फोन नही आया तो वह झुठ बोल रहा है।
मनराखन देवांगन, विधायक प्रतिनिधि खैरागढ

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन के आरोपों को निराधार व बेतुका बताया है। अजय जैन ने कहा कि आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर काम जारी हुआ। वार्ड क्रमांक 09 ईतवार बाजार में हाईमास्क लाइट के लिए 6 लाख रूपए की राशि घोषित की गई है। वहीं खम्हरिया वार्ड के सिविल लाइन में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख की स्वीकृति दी गई है। जो एक दो वार्ड छूटे होंगें वहां भविष्य में निश्चित तौर पर विकास कार्यों की स्वीकृति होगी। क्योंकि भाजपा सबका साथ सबका विकास पर विश्वास रखती है।
अजय जैन, पूर्व नेता प्रतिपक्ष व वार्ड क्रमांक 07 पार्षद
मेरे पास गुरूवार को कलेक्टर का फोन ही नही आया है फटकार लगाना तो बहुत दूर की बात है।
प्रमोद शुक्ला, सीएमओ नपा खैरागढ
