राजधानी रायपुर के एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अक्टूबर-नवंबर माह में लोगों को इसकी सुविधा मिल सकती है। ठेका एजेंसी ने एक्सप्रेस-वे के पांचों ओवरब्रिज की एप्रोच रोड को उखाड़ दिया है।
एजेंसी द्वारा तेलीबांधा स्थित ओवरब्रिज के एप्रोच रोड के फाउंडेशन की खुदाई शुरू कर दी गई है। इसके पूरा होने के बाद दूसरे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य किया जाएगा। अधिकारियों ने दावा भी किया है कि यदि बारिश नहीं हुई तो सात से आठ माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
सड़क विकास निगम सबसे पहले तेलीबांधा में निर्माण शुरू किया है, उसके बाद शंकर नगर, पंडरी, देवेन्द्र नगर, फाफाडीह में ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। एक साथ सभी ओवरब्रिज का निर्माण करने में समय कम लगेगा, लेकिन निर्माण सामग्री शहर के भीतर से लाना पड़ेगा।
ऐसे में सामग्री लाने में जहां दिक्कत होगी वहीं भारी वाहनों के आने जाने से सड़क जाम की स्थिति भी बनी रहेगी। इससे शहरवासियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसको ध्यान में रखते हुए सड़क विकास निगम एक-एक करके निर्माण करेगा जिससे लोगों को जाम के हालत से निजात मिलेगी।
मुंबई के कंसलटेंट की देखरेख में होगा निर्माण
सड़क विकास निगम ने एक्सप्रेस-वे में आई खामियों को देखते हुए, इस बार मुंबई की कंसलटेंट कंपनी को नियुक्त किया है। मुंबई की कंसलटेंट कंपनी की टीम एक बार आकर जांच करके जा चुकी है। इस बार के निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे का निर्माण मुंबई की टीम के निर्देश पर हो रहा है। कंपनी को एक बार के विजिट का 30 हजार रुपये दिया जा रहा है।