खैरागढ़. जिला बनाने के लिए अब राजनीतिक व्यक्तित्व भी सामने आ रहे हैं। शनिवार को भूख हड़ताल के मंच पर भाजपा की पूर्व जिला मंत्री लिमेश्वरी साहू,भाजपा नेता हेमू साहू,मंडल भाजपा अध्यक्ष अनिल अग्रवाल,कांग्रेस प्रवक्ता समीर कुरैशी ने आंदोलन कारियों के साथ मंच साझा किया। इस दौरान भूख हड़ताल में बैठे राजू यदु,उत्तम बागड़े मौजूद रहे। पूर्व जिला मंत्री लिमेश्वरी ने कहा कि खैरागढ़ को विकास की गति में आगे ले जाने के लिए जिला बना आवश्यक है। उन्होंने भूख हड़ताल में बैठे युवाओं का उत्साह बढाया। भाजपा नेता हेमू साहू ने भी जिला निर्माण की वकालत की ।साहू ने कहा कि खैरागढ़ में जिला बनने की सभी संभावनाएं मौजूद हैं। और यदि सब मिलकर प्रयास करें तो जिला बना तय है। राजू यदु ने कहा लोग जिला निर्माण की आवश्यकता को जानते और समझते हैं। इसलिए भूख हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन दे रहे हैं।
की गई डॉक्टरी जांच
इससे पूर्व शुक्रवार को भूख हड़ताल में बैठे सभी लोगों की शासकीय अस्पताल की टीम ने जांच की। सभी के ब्लड सैम्पल लिए गए। जांच में सभी स्वस्थ पाए गए। नियमित रूप से जांच की जाएगी।
शाम को जलाई जा रही मशाल
डॉ. बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा के पास नियमित रूप से क्रांति की मशाल भी जलाई जा रही है। शाम 7 बजे जलने वाली मशाल में नियमित रूप नगर के गणमान्य जन भी पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को व्यवसायी मनोज गुप्ता व अन्य ने क्रांति की मशाल जलाई।
रविवार शाम दाऊचौरा से निकलेगी मशाल यात्रा
रविवार को दाऊचौरा से अंबेडकर चौंक तक मशाल यात्रा निकलेगी और अंबेडकर चौंक में प्रतिदिन जल रहे मशाल को जलाया जाएगा। मशाल यात्रा में शामिल होने के लिए लोगों से अपील की गई है।